इंदौर विमानतल से जायेगें रामेश्वरम
BHOPAL. नए साल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार बुजुर्गों को हवाई सफर से तीर्थ दर्शन कराने जा रही है।
कहा जा रहा है कि ये पहला प्रयोग है जो मध्यप्रदेश में शुरू होने जा रहा है। दरअसल ये नुस्खा चुनावी साल के लिए आजमाया जा रहा है। इस नुस्खे के जरिए बीजेपी बुजुर्गों का वोटों के रूप में आशीर्वाद पाना चाहती है। इसकी शुरुआत फरवरी से होगी। पहली तीर्थ यात्रा भगवान रामेश्वरम की कराई जाएगी। श्रद्धालुओं के पहले जत्थे में करीब 400 लोग हवाई जहाज से इंदौर से रामेश्वरम के लिए रवाना होंगे।
पहली बार हवाई यात्रा
तीर्थ दर्शन यात्रियों को इंदौर से रामेश्वरम ले जाया जाएगा। यात्रियों का चयन जिला स्तर पर लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। तीर्थ यात्रा के लिए वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग से ले जाने का विचार पहली बार इस साल की शुरुआत में चर्चा में आया। जिसके बाद इसको अमल में लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों ने कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रमाणित एजेंट के इस सफर को अंतिम रूप देने के बाद खर्च की राशि तय की जाएगी। सरकार का मानना है कि हवाई यात्रा से लोगों को ट्रेन से ले जाने में होने वाले बोर्डिंग और लॉजिंग का खर्च बच जाएगा। रामेश्वरम के बाद लोगों को वैष्णो देवी और अयोध्या भी ले जाया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि बुजुर्ग लंबी यात्रा होने के कारण तीर्थ दर्शन को नहीं जा पाते। हवाई सफर से वे बिना परेशानी के और जल्दी तीर्थ दर्शन कर वापस अपने घर लौट पाएंगे।
ये जा सकेंगे हवाई सफर पर
इस योजना के तहत वरिष्ठ नागरिक, जो आयकर दाता नहीं हैं, उन्हें तीर्थ यात्रा पर ले जाया जाता है। राज्य सरकार खर्च वहन करती है। अब तक लोगों को ट्रेन से ले जाया गया है। ये योजना कोरोना के कारण 2 साल के लिए बंद की गई थी लेकिन इस साल फिर से शुरू हो गई है। सरकार की योजना अभी सिर्फ एक बार लोगों को फ्लाइट से ले जाने की है। अनुभव और फंड के आधार पर सरकार प्रायोजित हवाई यात्रा पर आगे विचार करेगी। जिला कलेक्टर लॉटरी निकालेंगे और लोगों की अंतिम सूची राज्य स्तर पर तय की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि लाभार्थियों को इंदौर से मदुरै ले जाया जाएगा जोकि रामेश्वरम के सबसे पास का हवाई अड्डा है।