वरिष्ठ साहित्यकार सूर्यकांत नागर और प्रताप सिंह सोढ़ी

इंदौर।हिन्दी दिवस के अवसर पर मातृभाषा उन्नयन संस्थान हिन्दी महोत्सव 2025 के अन्तर्गत शुक्रवार क़ो लघुकथा मन्थन 2025 का आयोजन करेगा। यह आयोजन शुक्रवार दोपहर 2 बजे से प्रेस क्लब, में होगा। इसमें प्रदेशभर से आए लघुकथाकार भाग लेंगे।कार्यक्रम तीन सत्रों में सम्पन्न होगा, जिसमें विमर्श, सम्मान, लघुकथा पाठ और लोकार्पण शामिल रहेंगे।

संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ ने बताया कि उद्घाटन सत्र में “सामाजिक चेतना के प्रसार में लघुकथाओं की भूमिका” विषय पर विमर्श होगा। इसकी अध्यक्षता साहित्यकार नर्मदा प्रसाद उपाध्याय करेंगे, मुख्य अतिथि विनय पिंगले होंगे और विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वाति तिवारी उपस्थित रहेंगी। इसी सत्र में वरिष्ठ साहित्यकार सूर्यकांत नागर और प्रताप सिंह सोढ़ी को जीवन गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा।

दूसरे सत्र में “रील युग में लघुकथाओं की व्यावसायिकता एवं शोध आयाम” विषय पर चर्चा होगी। इसमें मुख्य अतिथि वरिष्ठ लघुकथाकार कान्ता रॉय होंगी। अध्यक्षता डॉ. पद्मा सिंह करेंगी, जबकि डॉ. मौसमी परिहार और सीमा व्यास विशिष्ट अतिथि रहेंगी।

तृतीय सत्र में इंदौर के सांसद शंकर लालवानी मुख्य अतिथि होंगे। अध्यक्षता भोपाल के साहित्यकार घनश्याम मैथिल ‘अमृत’ करेंगे और प्रेस क्लब अध्यक्ष अरविंद तिवारी विशिष्ट अतिथि रहेंगे। इस सत्र में चयनित लघुकथाकार अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे और प्रतिभागियों का सम्मान भी किया जाएगा।

सत्रों का संचालन अखिलेश राव करेंगे। आयोजकों ने शहर के साहित्यप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।