इंदौर। इंदौर में एक पत्नी द्वारा पड़ोसी के साथ मिल कर अपने पति को पीटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पति की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार एमआइजी थाना क्षेत्र में रहने वाले धरमु पिता रामअवतार बौरासी (38) निवासी लाला का बगीचा की शिकायत पर आशीष और पत्नी संगीता के खिलाफ केस दर्ज किया है। धरमू ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी के साथ बैठकर भोजन कर रहा था। इसी दौरान खाना गर्म करने की बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। वहां पर घर के पास ही रहने वाला आशीष भी बैठा हुआ था। पत्नी से विवाद हुआ तो वह उसके साथ में गाली-गलौज करने लगी। आशीष ने भी उसका साथ दिया। उसने विरोध किया को आशीष ने घर में रखा सरिया उठाकर सिर पर मार दिया। पत्नी संगीता भी डंडा उठा लाई और उसके साथ में मारपीट कर दी। उसका सिर फूट गया और पीठ में चोट आई। आसपास के लोगों ने उसे बचाया। पुलिस अब दोनों ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।