इंदौर । पूर्व मंत्री व धार से कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार ने कहा कि पार्टी से नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है.. मैं पार्टी के साथ हूं। इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है।

इंदौर आए पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर मीडिया से बात की। कई मौकों पर अपनी ही पार्टी के नेताओं की खुलकर खिलाफत करने के बाद उन्हें पार्टी से नाराज माना जाता रहा है। लेकिन इस बारे में पूछे जाने पर उमंग सिंघार ने कहा कि राहुल गांधी उनके नेता हैं और कांग्रेस पार्टी के साथ उनकी यात्रा चल रही है।

उमंग सिंघार ने भाजपा द्वारा निकाली जा रही समरसता यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि ये यात्राएं भाजपा द्वारा अपने घोटालों को छिपाने के लिए निकाली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव के लिए सरकारी योजनाओं की राशि से पैसा इकट्ठा किया है।

प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासी वर्ग हमेशा से कांग्रेस के साथ में रहा है और कांग्रेस की सरकार बनाने में आदिवासी वर्ग की अहम भूमिका रही है। उनका भी हक है कि उनके वर्क से कोई मुख्यमंत्री बने। सीएम का चेहरा कौन होगा इस सवाल को उमंग सिंघार टाल गए।

कांतिलाल भूरिया को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाने के सवाल पर उमंग सिंगार ने कहा कि पार्टी ने सोच विचार करके ही भूरिया को ये जिम्मेदारी दी और इसका निश्चित तौर पर अच्छा असर होगा।