इंदौर।  23 जनवरी को आकाश में अनोखी खगोलीय घटना होगी जिसे आम आदमी  भी नंगी आंखों से बिना किसी टेलीस्कोप के देखा जा सकेगा।

इसे चन्द्रमा शुक्र शनि ग्रह युति कहा जाता है।

जानकारी के अनुसार  कल सोमवार को दिन सूर्य अस्त के बाद पश्चिम दिशा में चन्द्रमा शुक्र ग्रह एवं सबसे सुन्दर ग्रह शनि  के साथ दिखाई देंगे। जिसे खगोलीय भाषा में चन्द्रमा-शुक्र- शनि युति कहते हैं। दिनांक 23 जनवरी 2023 को द्वितीया तिथि पर सायन गणना के अनुसार चन्द्रमा कुम्भ राशि में 27 अंश 2 कला पर होगा एवं उसकी क्रान्ति 16 अंश 59 कला दक्षिण होगी। शुक्र ग्रह कुंभ राशि में 25 अंश 13 कला पर होगा एवं उसकी क्रान्ति 14 अंश 29 कला दक्षिण होगी तथा शनि ग्रह भी कुम्भ राशि में 24 अंश 50 कला पर होगा एवं उसकी क्रान्ति 14 अंश 25 कला दक्षिण होगी।

चंद्रमा के साथ शुक्र एवं शनि ग्रह एक ही राशि में अत्यन्त पास-पास है। सांय सूर्यास्त के बाद पश्चिम दिशा में हसिए के आकार का चन्द्रमा दिखाई देगा, चन्द्रमा के ठीक नीचे थोड़ा दक्षिण की ओर लट्टू के समान चमकता हुआ शुक्र ग्रह दिखाई देगा शुक्र ग्रह के ठीक नीचे एवं कम चमकदार शनि ग्रह को आप देख सकेंगे। इस दिन चन्द्रमा सायं 7 बजकर 54 मिनिट पर अस्त हो रहा है। अतः यह नजारा आप लगभग 1 घण्टे 30 मिनिट की अच्छे प्रकार से देख सकेगें।

इस घटना को आप अपने घर से ही बिना किसी साधन के अपनी आंखों से ही बहुत अच्छी प्रकार से देख सकते हैं युति देखने के लिए टेलिस्कोप आदि किसी साधन की आवश्यकता नहीं होती क्योंकि पास-पास दिखने की स्थिति में भी खगोलीय पिण्ड टेलिस्कोप के दृश्य क्षेत्र से दूरी पर रहते हैं।