Indore .इंदौर में पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते पति सुसाइड करने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया । करीब डेढ़ से दो घंटे तक हड़कंप मचा रहा। बाद में बेटी को गोद में लेकर उसकी पत्नी ने उसे मनाया। तब वह नीचे उतरा।
इंदौर में पत्नी से विवाद के बाद एक फैक्ट्री संचालक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह बार-बार ऊपर से कूदने की धमकी देता रहा। करीब डेढ़ से दो घंटे तक हड़कंप मचा रहा। बाद में बेटी को गोद में लेकर उसकी पत्नी ने उसे मनाया। तब वह नीचे उतरा।
घटना शनिवार दोपहर की आजाद नगर थाना क्षेत्र की है। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही पुलिस और SDERF की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने माइक के जरिए एनाउंसमेंट कर युवक को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।
जानकारी के अनुसार युवक का नाम नंदराम उर्फ सोनू अहिरवार निवासी मूसाखेड़ी है। वह फैक्ट्री संचालक है। पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते वह सुसाइड करने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया था।वहां से लगातार पत्नी और अपने भाई से फोन पर बात कर रहा था। पुलिस के कहने पर उसकी पत्नी चार साल की बेटी को लेकर मौके पर पहुंची। युवक का भाई भी वहां पहुंचा। इस दौरान काफी हंगामा हुआ। जाम की स्थिति भी बनी। बाद में पत्नी ने पति से माइक के जरिए बात पहुंचाई। उसने बेटी का वास्ता दिया। कहा- कि अब वो अच्छे से उसके साथ रहेगी। पुलिस ने भी समझाया। इसके बाद वह टावर से नीचे उतर आया।
उसे व पत्नी को आजाद नगर थाने लाया गया। यहां उसने पत्नी से विवाद और घरेलू कलह से तंग आकर टावर पर चढ़ने की बात कही। फिलहाल युवक और उसकी पत्नी की काउंसिलिंग की जा रही है।मोबाइल टावर पर चढ़े युवक नंदराम ने मीडिया से कहा कि पत्नी आए-दिन विवाद करती है। मायके और ससुराल की बातों को लेकर ताने मारती हैं। पिछले पांच साल से जब से शादी हुई है, पत्नी ने परेशान कर रखा है। पत्नी हमेश क्लेश करती रहती है। कुछ बोलने या समझाने पर विवाद करती है। युवक ने कहा, मैं बस यही चाहता हूं कि ये मेरे साथ अच्छे से, खुशी से रहे। बाकी मुझे कोई दिक्कत नहीं है। ना ये मेरे घर की बात करे, ना ही मैं इसके मायके की बात करूंगा।