इंदौर। शहर में कई वार्डों में नागरिक अभी भी पानी के लिए परेशान हैं। कचरा, गंदगी और अन्य समस्याओं के निराकरण भी नगर निगम के अधिकारी नहीं करते हैं। आज सुबह विजयनगर झोन पर वार्ड 30 के रहवासियों ने पानी के लिए प्रदर्शन किया।
क्षेत्रिय पार्षद चिंटू चौकसे के नेतृत्व में यहां लोगों ने मटके भी फोड़े। पहली बार नगर निगम के खिलाफ जनता का आक्रोश फुटा है और मटके फोड़े गए।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा है कि विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 30 के नागरिक एक-एक बूंद पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। इस पूरे वार्ड में समस्याओं का अंबार है। इसके विरोध में आज वार्ड के नागरिकों के द्वारा विजयनगर जोनल कार्यालय का घेराव कर मटके फोड़े गए।
चोकसे ने बताया कि बर्फानी धाम क्षेत्र वाले वार्ड क्रमांक 30 पर इंदौर नगर निगम की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वार्ड के नागरिकों के द्वारा पूरे वार्ड में फैली हुई गंदगी की कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन इस शिकायत को सुनने वाला कोई नहीं है। इसके साथ ही वार्ड की जनता पानी के संकट से बेहद परेशान हैं। हालात
इतने खराब है कि नागरिकों को एक एक बाल्टी पानी के लिए हैरान परेशान होना पड़ता है। पूरे वार्ड को विकास कार्यों की दरकार है। इस वार्ड के विकास कार्यों की फाइलें नगर निगम की लालफीताशाही में दबी और अटकी हुई है। जिन फाइलों को मंजूरी दे दी गई है उन पर भी अब तक काम शुरू नहीं हो सका है।
मुख्य रूप से अनिल नगर, सोलंकी जगर गुरु नगर, कृष्णबाग कॉलोनी, पानी की किल्लत स्थाई समस्या बन गई है। मालवीय नगर में निगम द्वारा पूर्व में ड्रेनेज लाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी जो कि आज दिनांक तक नई सड़क नहीं बनाई गयी है। रहवासियों द्वारा झोन पर समस्याओं के निराकरण के लिए ज्ञापन भी सौंपा गया।