उज्जैन।मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी  नेता दिग्विजय सिंह ने दावा किया है कि भाजपा मध्यप्रदेश में भी गुजरात वाला प्रयोग कर सकती है। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान  से लेकर तमाम मंत्रियों के टिकट कट सकते हैं।

उज्जैन जिले के घटि्टया विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में शामिल होने आए दिग्विजय सिंह पत्रकारों से बात कर रहे थे।

दिग्विजय सिंह ने कहा- भाजपा ने वो प्रयोग जो गुजरात में किया था, कि सारे मिनिस्टर, सब के टिकट काट दिए, वो प्रयोग यहां भी हो सकता है। इसका मतलब ये होगा कि मुख्यमंत्री से लेकर जितने मंत्री हैं, सबके टिकट भी कट सकते हैं। लेकिन इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। जनता मन बना चुकी है। कांग्रेस के पक्ष में लहर है।’

दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज सिंह को लेकर कहा कि साढ़े 19 साल बाद इन्हें लाड़ली बहना याद आ रही है। अब तक क्या करते रहे। जब बिजली के बिल की वसूली में कुर्की की, तब मामा जी को अपनी भांजियों और बहनों के पति यानी जीजा जी पर दया नहीं आई। उन्हें जेल भेज दिया। मैं तुम्हारा मामा, मैं तुम्हारा भैया, सब इनकी नाटक – नौटंकी है।’

देखें वीडियो: