इंदौर। किशोरी के प्रेम प्रसंग से नाराज उसके पिता और भाई ने उसकी हत्या कर फंदे पर लटका दिया। पुलिस को कहा कि उसने आत्महत्या की है। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के बाद पड़ताल की तो पता चला कि पिता और भाई ने ही किशोरी की हत्या की थी। इसके बाद दोनों के खिलाफ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।
सिमरोल के ग्राम मेंडल में नाबालिग की मौत के मामले में उसके भाई और पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दोनों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है। लड़की करीब एक माह पहले घर में फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली थी। परिजनों ने उसे आत्महत्या का मामला बताया था। सिमरोल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की तो ये रहस्य सामने आया। ग्राम मेंडल में रहने वाली नाबालिग अपने घर में ही फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली थी। जंगल क्षेत्र में किशोरी अपने परिवार के साथ ही रहती थी उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिली जिसमें हत्या के बाद फांसी पर लटकाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने अपनी जांच शुरू की तो पता लगा कि लड़की का गांव के ही एक लड़के से प्रेम प्रसंग था। इसे लेकर परिवार नाराज था।