इंदौर। शहर के नव श्रृंगारित मां अन्नपूर्णा के भव्य – दिव्य मंदिर की स्थापना का एक वर्ष पूर्ण होने पर आश्रम के ट्रस्ट मंडल एवं भक्तों द्वारा दो दिवसीय वार्षिक उत्सव का आयोजन 21-22 फरवरी को महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि के सानिध्य में होगा। इस अवसर पर समूचे मंदिर परिसर में आकर्षक विद्युत एवं पुष्प सज्जा की जाएगी।
आश्रम परिवार के प्रमुख विनोद अग्रवाल, गोपालदास मित्तल एवं श्याम सिंघल ने बताया कि 21 फरवरी को सुबह 8 बजे से ध्वजा पूजन, 9 बजे से मां अन्नपूर्णा के अभिषेक एवं सहस्त्रार्चन के बाद शाम 7:30 बजे से हनुमंत ढोल पथक की प्रस्तुतियां होंगी। सांय 8.30 बजे पं. सुरेश शर्मा की भजन संध्या होगी। 22 फरवरी को सुबह 5 बजे से मां के अभिषेक, सहस्त्रार्चन, 9 बजे से नवचंडी पाठ, सांय 6 बजे छप्पन भोग, 6.30 बजे दीपोत्सव, 7 बजे आरती एवं सांय 7.30 बजे रंगारंग आतिशबाजी के बाद विशाल भंडारे का दिव्य आयोजन होगा।