इंदौर । दिन में उज्जैन में आई आंधी के बाद बीती रात करीब पौने एक बजे शहर में अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर में हवा ने आंधी का रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरा आसमान धूल से पट गया। शहर भर में बिजली गुल हो गई। कई पेड़ों की डालियां सड़कों पर आ गिरी।  कई जगह घरों के छत के पतरे भी उड़ गए। कुछ ही देर में आंधी और गरज-चमक के साथ वर्षा भी शुरू हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में 54 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली।
मकान गिरने से महिला और बच्ची घायल
शहर के भवानी नगर क्षेत्र में मकान गिरने से प्रियांशी ठाकुर और उसकी मां घायल हो गए। प्रियांशी और मां दोनों को अरबिंदो अस्पताल पहुंचाया गया है।
300 जगह लाइनों पर पेड़ गिरे
आज मध्य रात करीब एक बजे तूफान, मौसम बिगड़ने से इंदौर शहर वृत्त के 525. में से 11 केवी के 85 फीडर से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। 300 जगह लाइनों पर पेड़ गिरे । प्रभावित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था कुल 4 घंटे में 80 प्रतिशत एवं 5 घंटे में 90 प्रतिशत बहाल की गई। शेष10 प्रतिशत प्रभावित फीडरों पर कार्य तेजी से किया जा रहा हैं। यह अगले दो घंटे में पूर्ण कर लिया जाएगा।। इस दौरान 300 कर्मचारी, अधिकारी कार्य पर लगे। व्यक्तिगत शिकायतों900 फ्यूज ऑफ कॉल (एफओसी) का जोन की टीमों ने समाधान किया।