*ओएचई लाइन मेंटेनेंस के दौरान हुआ हादसा
महू। महू रेलवे की ओएचई लाइन ( ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन ) मेंटेनेंस का काम कर रहे एक कर्मचारी को करंट लगा। उसे बचाने के प्रयास में दो कर्मचारी झुलस गए। घटना में एक कर्मचारी की मौत हो गई। अन्य दो घायल कर्मचारियों को इंदौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जीआरपी मामले की जांच कर रही है कि बंद लाइन में करंट कैसे आया या यह दुर्घटना पास से गुजर रही दूसरी ओएचई लाइन के करंट से हुई।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार दोपहर 3 बजे रेलवे यार्ड डीपो में हुई। रेलवे कर्मचारी 39 वर्षीय विजय पिता रमेशचंद्र यादव। टावर वेगन पर चढ़कर लाइन नंबर 4 की ओएचई केबल मेंटेनेंस का काम कर रहा था। काम करते वक्त विजय को करंट लगा और वह चिपक कर बेहोश हो गया।
38 वर्षीय हेमंत भीमसिंह कटारिया और 30 वर्षीय सुधीर पिता लल्लनसिंह उसे बचाने पहुंचे तो दोनों के हाथ झुलस गए। तीनों घायलों को उतारकर रेल कर्मचारी पहले गेटवेल अस्पताल फिर मध्य भारत अस्पताल लाए। मध्यभारत अस्पताल में विजय को मृत घोषित कर दिया। शेष दोनों घायल हेमंत और सुधीर को रेल कर्मचारी इंदौर के भंडारी अस्पताल ले गए जहां दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।