इन्दौर। जैन समाज के तीर्थ स्थल सम्मेद शिखर (झारखंड) को पर्यटन स्थल घोषित करने के विरोध में प्रदेश में जहां समाज द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है वहीं आज शहर में समाज ने अपने सभी व्यवसाय व प्रतिष्ठान बंद कर दिए है। सुबह से ही कोई भी बाजार नहीं खुला। मुख्य रूप से सियागंज, मल्हारगंज, मरोठिया, सराफा, बर्तन बाजार, सुतला माता बाजार, छावनी, अनाज मंडी में दुकानें नहीं खुली। बंद को वोहरा समाज, कांग्रेस और अन्य संगठनों ने भी समर्थन दिया है।
लंबे समय बाद शहर में आज बाजार बंद हुए। बताया गया है कि झारखंड में सरकार द्वारा जैन धर्म के तीर्थ स्थल सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित किया जा रहा है, जिससे समाज खासा नाराज है और पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। शहर में भी कई दिनों से प्रदर्शन चल रहा है। बीते दिनों समाज ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर जुलूस भी निकाला था। आज समाज के व्यापारियों दुकानदारों द्वारा
शहर में बंद का आव्हान किया गया। जैन श्वेताम्बर सोश्यल ग्रुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय मेहता, विजय ललवानी ने बताया कि आज देश में अनेक व्यापारिक संस्थान बंद रखे गए है। साथ ही अपील की गई है कि सरकारी महकमों में काम करने वाले जैन अधिकारी, कर्मचारी भी अवकाश पर रहे, जिससे सरकार को समाज की एकता का संदेश जाए और सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित न करें। विरोध स्वरूप आज मल्हारगंज, छावनी, मालवा मिल, सीतला माता बाजार, सियाग ज इतवारिया बाजार, दवा बाजार, मरोठिया, वर्तन बाजार, कपड़ा बाजार, मल्हार दाल-चावल एसोसिएशन, छावनी खेरची व्यापारी, दुग्ध संघ सहित शहर के तमाम बाजारों में दुकानें नहीं खुली। व्यापारियों ने कहा कि हम सरकार की नीति का विरोध करते हैं और मांग करते हैं कि सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित न किया जाए।