इंदौर।समाज की सोच तब तक नहीं बदल सकती जब तक समाज खुद नहीं बदल जाता है। एक महिला इतनी सशक्त होती है कि वो अपने घर की तमाम जिम्मेदारियों को निभाते हुए आर्थिक और सामाजिक रूप एक ऐसे मुकाम तक पहुंच सकती है, जहाँ से वह सिर्फ अपने परिवार ही नहीं बल्कि पूरे देश और विश्व को एक नई दिशा दे सकती है। ज्वाला संस्था के दस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार को इंदौर में हुए ‘नारी तू नारायणी’ कार्यक्रम के दौरान स्पोर्ट्स, लॉ, साइंस, मीडिया जैसी कैटेगरी में जिन ख्यात महिलाओं को सम्मानित किया गया, वह इसी बात का जीवंत प्रमाण है। कार्यक्रम के दौरान भारत में मिसाइल परियोजना का नेतृत्व करने वाली पहली महिला वैज्ञानिक टेसी थॉमस, भारत की शीर्ष हॉकी प्लेयर मुमताज खान, एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ महाराष्ट्र की सदस्य एडवोकेट सिद्ध विद्या और न्यूज रीडर, एंकर, पॉलिटिकल स्ट्रेटजिस्ट शुभ्रस्था को सम्मानित किया गया।